जिले में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अन्य तहसीलों के मुकाबले मछलीशहर व केराकत में सर्वाधिक फरियादियों की भीड़ लगी रही। अपनी समस्याओं को निस्तारित कराने के लिए सुबह से ही फरियादी तहसीलों में पहुंचे थे। लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कुल आए 484 प्रार्थना पत्रों के सापेक्ष मात्र 55 का ही मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 429 संबंधित प्रार्थना पत्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिए गए।
अपर जिलाधिकारी भू व राजस्व राजकुमार द्विवेदी ने मछलीशहर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल आए 115 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 11 के समस्याओं का समाधान हुआ। इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार सहित तहसीलदार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। सदर तहसील सभागार में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने समस्याएं सुनीं। इस दौरान आए 73 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 12 का ही निस्तारण हो पाया। वहीं केराकत तहसील सभागार में एसडीएम केके मिश्र ने सुनवाई के लिए आए कुल 116 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 4 का निस्तारण किया। शेष 112 प्रार्थना पत्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दे दिया। शाहगंज तहसील सभागार में एसडीएम नीतीश कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कुल आए 45 प्रार्थना पत्रों में से छह का ही निस्तारण हो पाया। इस मौके पर तहसीलदार अभिषेक राय, क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार सिंह, चिकित्साधीक्षक डॉ. रफीक फारुकी, कोतवाल सुधीर कुमार आर्या आदि अधिकारी मौजूद रहे। बदलापुर तहसील सभागार में एसडीएम संजय मिश्रा ने फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कुल आए 57 प्रार्थना पत्रों में से सात का मौके पर निस्तारण हुआ, इस अवसर पर तहसीलदार मृदुला दुबे, बीईओ नरेन्द्रदेव मिश्र, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे। मड़ियाहूं तहसील सभागार में एसडीएम मंगलेश दुबे ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल आए 78 प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 15 का निस्तारण हुआ, शेष प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को निस्तारित करने के लिए दे दिया गया।