उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने बृहस्पतिवार को सिंचाई विभाग स्थित महासंघ कार्यालय परिसर के शिव मंदिर पर जिलाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक की। इसमें एप के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन उपस्थिति को निरस्त करने की मांग की। ऐसा नहीं करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों से डिजिटल एप चलाने की क्षमता की अपेक्षा करना किसी तरह से उपयुक्त नहीं है। सिर्फ हस्ताक्षर कर लेने वाले कर्मचारी अपने मूल दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने सफाई कर्मियों से सिर्फ उनके मूल कार्य कराने की मांग की, ताकि वे वे गांवों में मौजूद रहकर अपने मूल दायित्व का निर्वहन कर सकें। जिला मंत्री शिव कुमार यादव ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की निगरानी के लिए एप विकसित किया गया है। इस एप को सभी सफाई कर्मचारियों को डाउनलोड कर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि करीब 80 फीसदी सफाई कर्मचारियों के पास एंड्रायड मोबाइल फोन ही नहीं है। लिहाजा एप पर उपस्थिति दर्ज कराए जाने की व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए। बैठक में अशोक यादव, संतोष कुमार, महेंद्र प्रताप, राकेश आदि मौजूद रहे।