एट। महापुरुषों के जीवन के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए भूटान सीमा से निकली साइकिल यात्रा शनिवार को एट में पहुंची।
राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निकली साइकिल यात्रा के कस्बे में पहुंचने पर इंटर कॉलेज के छात्र छात्राओं ने सशक्त सीमा बल के जवानों का स्वागत किया। इस दौरान रैली का नेतृत्व कर रहे असिस्टेंट कमांडर ने छात्र-छात्राओं के साथ लोगों को जागरूक कर एकता का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में सशक्त सीमा बल की ओर से साइकिल यात्रा निकाली जा रही है। यह 17 सितंबर को भूटान सीमा से निकली थी और 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर गुजरात में पहुंचकर समाप्त होगी। साइकिल यात्रा जिले में शुक्रवार को पहुंची, दूसरे दिन शनिवार को एट के कोच तिराहे पर जनता इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने जवानों का स्वागत किया। रैली का नेतृत्व कर रहे सशक्त सीमा बल 36 बटालियन के असिस्टेंट कमांडर सुजीत कुमार ने छात्र-छात्राओं एवं अध्यापक सहित ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया है कि रैली का मुख्य उद्देश्य देश के महापुरुषों के बारे में लोगों को जागरूक करना है।