पुलिस के सामने बयान दर्ज कराता घायल शिवाकांत। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। चुनाव की रंजिश में सोमवार शाम पूर्व प्रधान के भाई व साथी पर हमला हो गया। हमलावरों ने दोनों को तमंचे की पीटकर घायल कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सीओ बिलग्राम विशाल यादव व कोतवाल सुनील सिंह ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पीड़ित ने प्रधान के पति व दो साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली क्षेत्र की राघौपुर चौकी के गांव नेवादा राघौपुर निवासी पूर्व प्रधान आशीष दीक्षित व प्रधान के पति दुर्गेश अवस्थी के बीच चुनाव रंजिश चल रही है। 14 जून की सुबह गांव के पास आशीष दीक्षित के भाई अंकित का शव कार के नीचे पड़ा मिला था। आशीष के बड़े भाई शिवकांत ने प्रधान के पति व उसके भाई अवधेश पर हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार की शिवाकांत गांव के ही गौरीशंकर के साथ कस्बे से गांव जा रहा था। शिवकांत के मुताबिक गांव में दुर्गेश अवस्थी ने दो साथियों के साथ मिलकर तमंचे की बट से उसे मारापीटा और गोली चला दी। इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने घटना के बाद मल्लावां मेहदीघाट रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। शिवकांत ने तहरीर में बताया कि मारपीट में वह और उसे बचाने में गांव का सुरेंद्र दीक्षित भी घायल हो गया। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी व उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।