दहेज के लिए पति ने किया कुकर्म, दरोगा नंदोई ने किया दुष्कर्म का प्रयास
हापुड़। सिंभावली के एक मोहल्ला निवासी महिला के साथ दहेज न मिलने पर दहेज लोभियों ने उत्पीड़न किया। आरोप है कि पति ने उसके साथ कुकर्म किया। जबकि पुलिस में दारोगा नंदोई ने दुष्कर्म का प्रयास किया। एसपी के आदेश पर महिला थाना में ससुराल पक्ष के सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। मांग पूरी न होने पर आए दिन महिला के साथ मारपीट की जाने लगी। आरोप है कि इससे नाराज पति ने उसके साथ जबरन कुकर्म किया। जबकि पुलिस में तैनात दारोगा नंदोई ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटा और घर से निकाल दिया। थाने में कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई थी। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति समेत सात आरोपियों के खिलाफ महिला थाने रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
----
किसान की मौत मामले में रिपोर्ट दर्ज
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मेरठ-हापुड़ बाईपास पर बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली और कैंटर की टक्कर में मारे गए धनोरा निवासी किसान की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतक किसान नितेश (35) के पिता राजकुमार ने थाने में तहरीर दी थी। कैंटर चालक भोलू सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।