डंपिंग ग्राउंड के लिए ग्रामीणों से बात करने पहुंचे अफसर बैरंग लौटे
पिलखुवा। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा गांव गालंद में डंपिंग ग्राउंड अर्थात वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने का मामला सुलझता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को समाधान के लिए धरनास्थल पर गाजियाबाद के नगरायुक्त, एसडीएम धौलाना, सीओ पिलखुवा की विधायक और ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। विधायक का कहना है कि पहले प्लांट के लिए चिह्न्ति जमीन की बाउंड्री एवं मशीन स्थापित की जाएं, इसके बाद देखा जाएगा क्या करना है।
गाजियाबाद नगर निगम ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाने के लिए गांव गालंद में 44.25 एकड़ भूमि अधिग्रहित की थी। तीन अक्तूबर को निगम के डंपर कूड़ा लेकर चिह्न्ति जमीन पर पहुंचे। इसकी भनक लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध शुरू कर दिया। इसके कारण कूड़ा लदे डंपर गाजियाबाद लौट गए। तभी से ग्रामीण चिह्न्ति जमीन के पास धरना पर बैठे हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों का 13वें दिन भी धरना जारी रहा। बृहस्पतिवार को सीओ पिलखुवा के कार्यालय में नगर निगम, एसडीएम एवं ग्रामीणों के बीच वार्ता हुई थी। इसमें नगर निगम के अधिकारियों ने पहले प्लांट निर्माण को चिह्न्ति जमीन की चारदीवारी एवं प्रोसेसिंग मशीन लगाने का भरोसा दिया था और उसके बाद कूड़ा भेजने पर सहमति जताई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को एसडीएम धौलाना विजय वर्धन सिंह, सीओ पिलखुवा डॉ. तेजवीर सिंह, तहसीलदार संजय कुमार, गाजियाबाद नगर निगम के अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। सूचना पाकर विधायक धौलाना असलम चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। विधायक ने कहा कि जमीन अधिग्रहित किए निगम को ढाई साल बीत चुका है। यदि वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाना था तो पहले चिह्न्ति जमीन पर निर्माण कराया जाता और मशीनें स्थापित की जातीं, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। गाजियाबाद से कूड़ा भरकर डंपर द्वारा भेज दिया गया। ढाई साल पहले भी निगम द्वारा ऐसा ही किया गया था।
विधायक ने कहा कि अधिकारी झूठा आश्वासन दे रहे हैं। डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने दिया जाएगा। सीओ पिलखुवा डॉ. तेजवीर सिंह का कहना है कि ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि पहले वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की स्थापना होगी। इसके बाद ही कूड़ा आएगा। मामले का शीघ्र ही समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर ग्राम प्रधान गालंद संजय कोरी, राजू, पवन, मनोज, हरिओम, योगेश, राजेंद्र, राजकुमार, सतीश, दीपक, कुलदीप, इमरान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।