हमीरपुर। शहर में कानपुर-सागर हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सुमेरपुर कस्बा निवासी युवती ने बेतवा पुल से छलांग लगा दी। नदी में कूदी युवती को पुल के नीचे मछली का शिकार कर रहे मछुवारों ने बचा लिया। पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। युवती ने कहा, नौकरी न मिलने से तनाव में होने की वजह से यह कदम उठाया है।
सुमेरपुर कस्बा निवासी शिवानी (25) सुबह स्कूटी से शहर आई। यहां हाईवे पर बेतवा नदी के पुल की कोठी नंबर छह पर स्कूटी खड़ी कर नदी में कूद गईं। नदी के नीचे नाव लेकर मछली का शिकार कर रहे नीरज निषाद, गोताखोर उदयभान व लोहा सिंह ने उसे बचा लिया।
मौके पर पहुंचे कोतवाली के दरोगा गौरव चौबे ने युवती को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं कुछेछा पुलिस चौकी प्रभारी पंधारी सरोज ने घटनास्थल पर जानकारी ली। अस्पताल में युवती का इलाज हुआ। पुलिस की सूचना पर युवती के मौसेरे भाई रामजी आए। अस्पताल में इलाज के बाद उसे अपने साथ ले गए। युवती ने चिकित्सक से कहा, नौकरी न मिलने से तनाव में नदी में कूद र्गइं थीं।