खरगूपुर(गोंडा)। पचरुखी मनोहजोत गांव के रहने वाले एक किशोर और दो बालक बुधवार की सुबह घर से राशन लाने के लिए निकले थे। तीनों भोलाजोत गांव के पास विसुही नदी में नहाने लगे। नदी में बाढ़ से तीनों नदी के गहरे पानी में जाकर डूब गए। बच्चों के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ की फ्लड टीम के गोताखोरों ने नदी में सर्च अभियान चलाया। देरशाम तक तीनों बच्चों को एनडीआरएफ की टीम तलाश नहीं सकी।
थाना खरगूपुर क्षेत्र के पचरुखी मनोहरजोत गांव के रहने वाले विक्रांत वर्मा (12) पुत्र तिलकराम वर्मा, महेश उर्फ छोटे यादव (12) पुत्र पवन कुमार यादव व आनंद कुमार मिश्र(15) पुत्र सुरेश मिश्र बुधवार की सुबह अपने घर से एक साथ राशन की दुकान पर खाद्यान्न लेने के लिए निकले थे। तीनों बच्चे भोलाजोत गांव के पास स्थित विसुही नदी के पास पहुंचे। वहां तीनों ने साइकिल खड़ी कर दी। कपड़े व चप्पल वहीं पास में रखकर नदी में नहाने लगे। विसुही नदी में आई बाढ़ से इन दिनों पानी का बहाव तेज हो गया है। तीनों बच्चे नदी के गहरे पानी में डूब गए। तीनों बच्चों के डूबने की जानकारी आस-पास के लोगों के साथ उनके परिवार के लोगों को मिली तो सभी नदी की ओर भागे।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक खरगूपुर अशोक कुमार सोनकर, थानाध्यक्ष कौड़िया चितवन कुमार, प्रभारी निरीक्षक इटियाथोक संजय दुबे समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों ने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। इसी बीच एसडीएम सदर सूरज पटेल, बीडीओ कुलदीप सिंह, सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम, एडीओ पंचायत अजीत गुप्ता मौके पर पहुंचे। मौके पर एनडीआरएफ की फ्लड टीम बुलाई गई। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने नदी में सर्च अभियान चलाया। मगर देर शाम तक तीनों बच्चों का पता नहीं चल सका। सीओ सदर ने बताया कि बच्चों की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया है।
जनप्रतिनिधियों ने जाना परिवार का हाल
पचरुखी मनोहरजोत गांव के तीन बच्चों के विसुही नदी में डूबने की सूचना पर सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे, मसूद आलम खां, भाजपा नेता विनोद शुक्ला, ग्राम प्रधान कुनाल गोस्वामी मौके पर पहुंचे। सभी ने तीनों बच्चों के परिवार वालों से मिलकर उन्हें हर सम्भव मदद का भरोसा दिलाया।
तीन घरों में मचा कोहराम
थाना खरगूपुर क्षेत्र के पचरुखी मनोहरजोत गांव के रहने वाले तीन बच्चे भोलाजोत गांव के पास विसुही नदी में नहाते समय डूब गए। तीनों बच्चों को बुधवार की देर शाम तक एनडीआरएफ की फ्लड टीम के गोताखोर भी तलाश नहीं पाए। पचरुखी मनोहरजोत के रहने वाले सुरेश मिश्र का बेटा आनंद कुमार मिश्र 12 दो भाइयों में से बड़ा था। उसके एक छोटा भाई अन्नू 10 है। शिक्षामित्र तिलकराम वर्मा का बेटा विक्रांत वर्मा 12 दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़े भाई अनुभव के साथ ही एक छोटी बहन रिमझिम है। जबकि पवन कुुमार यादव का बेटा महेश उर्फ छोटे चार भाइयों में से सबसे छोटा था। उससे छोटी दो बहने भी हैं। अचानक एक ही गांव के तीन किशोरों की नदी में डूब जाने के बाद शिक्षामित्र तिलकराम वर्मा, पवन यादव तथा सुरेश मिश्र के घरों में कोहराम मचा है।