सुहवल। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात कारणों तीन झोपड़ियों में आग लग गई। इस घटना में एक पशु की झुलसकर मौत हो गई। जबकि पांच हजार नकदी सहित दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव निवासी सतिराम बिंद की एक झोपड़ी में देर रात अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लग गई। जब-तक ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचते दो झोपड़ियों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। हादसे में एक पशु की झुलसकर मौत हो गई। साथ ही घर-गृहस्थी का सामान, जानवरों का चारा, कपड़ा, महत्वपूर्ण कागजात, साइकिल और पांच हजार नकदी सहित करीब दो लाख रुपये की क्षति हुई। घंटों मेहनत के बाद ग्रामीणों ने निजी संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना के दूसरे दिन बुधवार को लेखपाल बृजकिशोर मौके पर पहुंचे और क्षति की रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को सौंप दी। महिला ग्राम प्रधान रूबी खां ने पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। घटना के बाद पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। ग्रामीणों ने मांग किया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत पहुंचाई जाए।(फोटो भी)