मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते डीएम अंकित अग्रवाल। संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोविड-19 के नए स्वरूप ओमिक्रॉन को लेकर जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं मजबूत करने पर जोर दिया। ऑक्सीजन प्लांट, डायलासिस यूनिट, मैटरनिटी विंग का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी पड़ताल की। चिकित्सकों को समय से ड्यूटी करने एवं मरीजों की उचित देखभाल करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस के नए वैरिएंट को लेकर यूके, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोस्टवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बांबे, हांगकांग आदि देशों के लोग चिंतित हैं। वहां लगातार ओमिक्रॉन ग्रसित केस सामने आ रहे हैं। इन देशों से यात्रा करके लौटने वाले व्यक्तियों को निगरानी में रखने एवं कोविड-19 की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि छूटे व्यक्तियों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जाएं। आरटीपीसीआर लैब के निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रशांत से टेस्टिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की। सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. राजेश अग्रवाल, सीएमएस महिला अशोक कुमार सहित अन्य चिकित्सक, कर्मचारीगण मौजूद रहे।