रोडवेज बस स्टैंड पर बंद पड़ा सीसीटीवी कैमरा । संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। रोडवेज बस स्टैंड से बड़ी संख्या में रोजाना लोगों का आवागमन होता है। काफी भीड़ भी जुटती है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से यहां परिसर में तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए, लेकिन दस महीने से ये कैमरे बंद हैं। डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) खराब होने की वजह से काम नहीं कर रहे हैं। अफसरों को इसकी परवाह नहीं है।
बस स्टैंड पर यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा की दृष्टि से तीन सीसीटीवी कैमरे 2020 में लगाए गए थे। जहां दो कैमरे बस स्टैंड के दोनों गेट की तरफ जबकि तीसरा कैमरा वहां पड़े टीन शेड की तरफ लगा है, लेकिन इन कैमरों का डीवीआर दस माह से खराब पड़ा है। एक कैमरा तो नीचे की तरफ झुका दिया गया है। बस स्टैंड पर रहने वाले कर्मचारियों के साथ निगम के अन्य अधिकारियों का कैमरों की ओर कोई ध्यान नहीं है। जबकि बस स्टैंड पर आए दिन किसी न किसी की जेब से पर्स या मोबाइल चोरी हो जाता है।
हटाई गई एलईडी स्क्रीन
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए बस स्टैंड पर एक एलईडी भी लगाई गई थी। जिससे अधिकारी हर गतिविधि को देख सकें। कैमरों का डीवीआर खराब होने पर इसे सही कराने के बजाय एलईडी स्क्रीन को ही हटा दिया गया है।