न्यू पीएचसी चेरो पर टीकाकरण के लिए बवाल, एएनएम को पीटा, लोगों ने किया घेराव
सलेमपुर। ब्लॉक के नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेरो में बृहस्पतिवार को टीकाकरण के लिए बवाल हो गया। दूसरे गांव के लोगों को टीका लगाने का आरोप लगाकर टीकाकरण के लिए आए एक व्यक्ति ने एएनम की पिटाई कर दी। वहां मौजूद किसी स्वास्थ्यकर्मी ने ग्रामीण की पिटाई कर दी। इसके विरोध में चेरो गांव के लोगों ने अस्पताल को घेर लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और स्वास्थ्य कर्मियों को घर भेजवाया।
नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चेरो में बृहस्पतिवार को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगनी थी। इसके लिए सौ डोज वैक्सीन आया था। दूसरी डोज लगवाने वाले लोगों की तादात कम होने के कारण बची डोज को जिले से प्रथम डोज में कन्वर्ट कर दिया गया। इसी बीच किसी दूसरे गांव के लोगों को टीका लगाने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने एएनएम की पिटाई कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि वहां मौजूद एक स्वास्थ्यकर्मी ने गांव के लोगों को पीट दिया। इससे उग्र ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को घेर लिया। अस्पताल में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी घिर गए। मामला बढ़ते देख किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल से बाहर निकला और घर पहुंचवाया। इस बाबत अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक डॉ.टीएन वर्मा व डॉ.उमेश पांडेय ने बताया कि दूसरी डोज के लिए वैक्सीन आई थी। दूसरी डोज लगवाने वालों की तादाद कम होने से बची डोज को जिले से प्रथम डोज में तब्दील कर दिया गया। प्रथम डोज लगाए जाने के कारण एक व्यक्ति ने एएनएम की पिटाई कर दी।