बबुरी। क्षेत्र स्थित बसंतपुर रजवाहा में आवश्यकता से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण हटिया गांव के पास नहर का तटबंध टूट गया। जिससे आसपास के लगभग दो सौ बीघे में लगी धान की नर्सरी जलमग्न हो गयी। इससे किसानों को नर्सरी के नष्ट होने की चिंता सताने लगी है।
नहरों में अत्यधिक पानी छोड़े जाने के कारण कमजोर तटबंध पर सोमवार से ही दबाव बन रहा था । किसानों ने खतरे को भांपते हुए कमजोर तटबंध पर मिट्टी डालकर रोकने का भी प्रयास किया लेकिन बुधवार की दोपहर पानी के तेज बहाव के कारण तटबंध टूट गया। पानी की मोटी धार के साथ नहर का पानी किसानों की खेतो में भरने लगा ।
देखते ही देखते हटिया, बसंत पुर, धनेजा, हडरिका सहित आसपास क्षेत्र के गांव के लगभग दो सौ बीघे के खेल पानी से भर गये। खेतों में पानी भरने से धान की नर्सरी जलमग्न हो गयी। किसानों ने अधिकारियों से लेकर जन प्रतिनिधियों तक को फोन लगाकर वार्ता की कोशिश की लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। किसानों नर्सरी के नष्ट होने की चिंता सता रही है।