शांति नगर स्थित भूड़ रोड पर जाम लगाते लोग।
- फोटो : BULANDSHAHR
हाइटेंशन लाइन के करंट से युवक की मौत, लगाया जाम
बुलंदशहर। मोहल्ला भूड़ निवासी युवक सुमित की मकान की छत पर टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के करंट से मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने विद्युत विभाग के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगा दिल्ली रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। करीब दो घंटे बाद गुस्साए लोगों ने जाम खोला।
नगर के मोहल्ला भूड़ क्षेत्र निवासी सुमित मंगलवार दोपहर को अपने निर्माणाधीन मकान की छत पर किसी काम से गया था। छत पर पहले से ही जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ पड़ा था। सुमित उस दौरान नंगे पैर था और टूटे हुए तार में उतर रहे करंट से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पावर कारपोरेशन ने विद्युत लाइन बंद की। उधर, परिजन और अन्य लोगों ने शव को शांतिनगर भूड़ इलाके में दिल्ली रोड पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों का कहना था कि विद्युत तार जर्जर हालत में हैं, जिसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है। कुछ दिन पहले भी लाइन खराब हुई थी। इसके बाद लाइन सही करने में खानापूर्ति की गई। विद्युत कर्मचारियों की गलती से ही युवक की जान गई है। जाम की सूचना पर कोतवाली देहात, कोतवाली नगर पुलिस के साथ सीओ सिटी शशांक सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट मीनू राणा मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने परिजनों को उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम खोला।
युवक की मौत के मामले में नियमानुसार पीड़ित पक्ष को मुआवजा दिलाया जाएगा। अगर विद्युत कर्मचारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक कुमार, एक्सईएन
परिजनों को उचित कार्रवाई व नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - शशांक सिंह, एएसपी