पालिका ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
धामपुर। डीएम उमेश मिश्रा के आदेश पर पालिका के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मंगलवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया। पालिका के अधिकारियों ने नगीना चौक से लेकर पालिका तक सड़कों के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण को मुक्त कराया। कई ट्रॉली सामान को जब्त कर कर्मचारी ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर पालिका में ले गए। कई लोगों से जुर्माना वसूला।
जलकल अभियंता हेमंत कुमार व जेई सिविल नेपाल सिंह ने बताया कि अभियान डीएम के आदेश पर चलाया गया है। लोगों ने अतिक्रमण के मामले में अति कर रखी है। कई स्थानों पर लोगों ने सड़कों पर रेत बजरी के ढेर लगा कर अवैध तौर पर कारोबार कर लिया है। हर बार ऐसे लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया जाता है। अब ऐसे लोगों के माल को जब्त किया जाएगा या फिर जुर्माना वसूला जाएगा। कार्रवाई के भय से कई व्यापारी अपनी दुकानों के शटर डाउन कर खिसक गए। टीम ने पुलिस फोर्स के साथ रोडवेज बस अड्डा से लेकर डिवाइडर रोड व नगीना चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रतिष्ठान स्वामियों से दुकानों से बाहर सड़कों पर अस्थायी अतिक्रमण करने के आरोप में जुर्माना वसूला। पुलिस ने इस दौरान ठेला रेहड़ी वालों को खदेड़ा। इस अवसर पर पालिका के पवन कुमार, पुष्पेंद्र सक्सेना, नितिन अग्रवाल, अमित गुप्ता, विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।