बिजनौर में मोहल्ला जाटान में दो संप्रदाय के युवकों के बीच मारपीट के बाद तनावपूर्ण स्थिति हो गई है। मोहल्ले में इस घटना के बाद दहशत पसर गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने बलवे की धारा में 12 को नामजद किया है। पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
मोहल्ला जाटान में राम बाग घेर रोड पर दो समुदायों के युवकों के बीच तनातनी चल रही है। मंगलवार देर रात किसी बात को लेकर दो समुदायों के युवकों में विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव भी हुआ था। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रामानंद कुशवाहा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने दोनों पक्ष के युवाओं को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया था। इस दौरान पुलिस ने वीडियोग्राफी भी की थी। रात में मोहल्ले में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। एहतियातन मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया।
सुबह भी दोनों समुदायों के घरों के पास पुलिस बल तैनात रहा। विवाद पर विराम लगाने और माहौल को सामान्य बनाने के लिए दोनों पक्षों के लोग सक्रिय हो गए हैं। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने इस मामले में वासु, राहुल, बिट्टू, आकाश, रिंकू, सोनू, शहबाज, राशिद, तसलीम, शाह आलम सहित 12 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मोहल्ला जाटान में राम बाग घेर पर हुए विवाद में चार युवकों शहवाज, शाह आलम, रिंकू और सोनू को गिरफ्तार किया है।
हरपुर में दो समुदायों के बीच तकरार
नहटौर में गांव हरपुर में इंदिरा आवास तोड़कर धर्मस्थल बनाने को लेकर दो समुदायों के बीच तकरार हो गई। पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों को थाने बुलाकर बातचीत की। फिलहाल दोनों स्थानों पर कोई भी निर्माण कार्य करने पर पुलिस ने रोक लगा दी है। गांव हरपुर में करीब दो वर्ष पूर्व जहूर अहमद ने ब्लॉक से इंदिरा आवास बनवाया था। आरोप है कि कुछ लोगों ने एक राय होकर इंदिरा आवास को तोड़ दिया। आरोप है कि मकान को तोड़ने के बाद उस पर मस्जिद बनाने की कोशिश करने लगे। कुछ लोगों का कहना है कि मस्जिद नहीं मदरसे का निर्माण कराने की कोशिश थी। इंदिरा आवास तोड़कर बिना अनुमति के निर्माण करने की कोशिश की शिकायत एसडीएम धामपुर से की गई। पुलिस ने दोनों समुदाय के लोगों को थाने बुलाया। गांव में दो वर्ष पूर्व से एक मंदिर का निर्माण भी हो रहा है। दूसरे समुदाय के लोगों ने मंदिर निर्माण पर भी आपत्ति जताई। राजेंद्र सिंह, मदन सिंह, शीशराम, मुखराम व दूसरे समुदाय के कय्यूम, अंसार, इदरीश, फिरोज, तौफिक आदि दोनों समुदाय के लोग थाने आए। फिलहाल पुलिस ने किसी भी कार्य करने पर रोक लगा दी है। एसओ अता मोहम्मद का कहना है कि दोनों समुदाय के लोग कोई भी निर्माण नहीं करेंगें।