कोरोना : पचास प्रतिशत आबादी को लग चुका है टीका
जिले में अब तक 14.17 लाख को लग चुका है कोविड का टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोविड की तीसरी लहर का खतरा अभी टला नहीं है, लेकिन टीकाकरण की जो रफ्तार है। वह राहत देने वाली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण की अब तक की स्थिति पर नजर डालें तो जिले की करीब पचास फीसदी आबादी प्रतिरक्षित हो चुकी है। जबकि करीब दस लाख किशोर और बच्चे हैं। ऐसे में बमुश्किलन चार लाख लोगों को अभी टीका लगना है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है यह लक्ष्य भी दिसंबर तक तक पूरा होने की उम्मीद है।
मौजूदा समय में जिले की अनुमानित जनसंख्या करीब 28 लाख है। इसमें से 18 साल से कम आयु वर्ग के लोगों की संख्या करीब दस लाख है। यानी करीब अट्ठारह लाख लोग वयस्क की श्रेणी में हैं, जिन्हें कोविड का टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण पर नजर डालें तो जिले में 16 जनवरी से कोविड-19 टीकाकरण कराया जा रहा है। शुरुआत में केवल 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जा रहा था। 17 मई से 18 से 44 वर्ष आयु के लोगों का भी टीकाकरण शुरू किया गया। 60 वर्ष से ऊपर के 672133 लोगों को तथा 18 से 45 वर्ष के 745447 लोगों का टीकाकरण कराया जा चुका है। अब तक कुल 14 लाख 17 हजार 580 को टीका लग चुका है। शेष को दिसंबर तक प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। एसीएमओ डॉ. फकरेयार हुसैन ने बताया कि जिले में टीकाकरण की गति संतोषजनक है। प्रयास है कि अगले दो महीने में सभी को कोविड का टीका लगा दिया जाए।
---------------------
गांवों में अभियान चलाकर लगेगा कोविड का टीका
बस्ती। गांवों में अभियान चलाकर हर एक व्यक्ति को कोविड का टीका लगाया जाएगा। गत दिनों जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने ग्राम पंचायतों को शत प्रतिशत टीकाकरण करने का निर्देश दिया है। टीकों की उपलब्धता को देखते हुए एक गांव को पूरी तरह संतृप्त किया जाए। इसके लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, सहायिका तथा एएनएम संयुक्त रूप से प्रयास करके फर्स्ट एवं सेकंड डोज के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची ग्राम वार तैयार करें। सूची तैयार होने के बाद गांव में टीका केंद्र स्थापित करके सभी पात्र व्यक्तियों को एक दिन में टीका लगवा दिया जाए। इस दौरान विशेष रूप से 45 प्लस, 60 प्लस तथा गर्भवती महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए शत प्रतिशत टीका लगाया जाएगा।
---------------------------
सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में टीकाकरण की कार्य योजना देने को कहा गया है। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह कोविड-19 का मेगा कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग टीका केंद्रों पर टीके लगाए जाते हैं। जल्द ही शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
डॉ.अनूप कुमार, सीएमओ, बस्ती