टीकाकरण में शिथिलता पर छह विद्यालयों को नोटिस
डीआईओएस ने मान्यता रद करने के लिए संस्तुति करने की चेतावनी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोरोना से बचाव के लिए 15 से 18 वर्ष आयु के विद्यार्थियों के टीकाकरण में शिथिलता पर डीआईओएस डीएस यादव ने आधा दर्जन विद्यालयों के जिम्मेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन विद्यालयों के प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी स्थिति पाई गई तो सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज से मान्यता रद करने के लिए संस्तुति कर दी जाएगी।
डीआईओएस ने बताया कि जिले के महादेव पांडेय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गंगापुर गौरा, पं. चिंतामणि पैराडाइज इंटर कॉलेज धुसुरिया बकैनिया, जीएस इंटर कॉलेज जामडीह, पूर्वांचल इंटर कॉलेज मुंडेरवा, राम प्यारे चौधरी इंटर कॉलेज रेहरवा कप्तानगंज तथा अलहाज अब्दुल रज्जाक शहीदुन्निशा बालिका इंटर कॉलेज बल्ली पट्टी दुधौरा की ओर से टीकाकरण में सहयोग न करने की जानकारी मिली है। इन विद्यालयों के प्रबंधकों को पत्र लिखकर चेतावनी जारी की गई है।