जिले में बढ़े 53088 नए मतदाता, 45665 के नाम हटे
वोटरलिस्ट में 7423 मतदाता बढ़े, जिले में अब कुल 1908043 मतदाता
18 से 19 वर्ष के 21262 मतदाता विस चुनाव में पहली बार करेंगे मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में 53088 नए मतदाता बढ़े हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष के 21262 युवा मतदाता ऐसे हैं, जो विधानसभा चुनाव में पहली मतदान करेंगे। इस प्रकार अब जिले में कुल 1908043 मतदाता हो गए हैं। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को जिले के सभी 2470 बूथ पर मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है, जिसे लोग बूथों पर जाकर देख सकते हैं।
डीएम ने बताया कि एक से तीस नवंबर तक चले विशेष पुनरीक्षण अभियान में हर्रैया विधानसभा में 10908, कप्तानगंज में 11287, रुधौली में 9504, बस्ती सदर में 10446 तथा महादेवा में 10943 मतदाता बढ़े हैं। अभियान शुरू होने से पहले जिले में कुल 19 लाख 620 मतदाता थे। अभियान के दौरान कुल 45665 मृतक या शिफ्टेड मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। अभियान के दौरान सूची में नाम जोड़ने के लिए कुल 53785 फार्म-छह प्राप्त हुए थे, जिनमें से 772 विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए।
पंद्रह मतदान केंद्र बनाए गए
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की पांचों विधानसभाओं में कुल 15 सौ मतदान केंद्र तथा 2470 मतदेय स्थल हैं। उन्होंने बताया है कि 829 मतदेय स्थल एकल बूथ वाले हैं। दो बूथ वाले 499, तीन बूथ वाले 115, चार बूथ वाले 35, पांच बूथ वाले चार, छह बूथ वाले सात, सात बूथ वाले तीन, आठ एवं नौ बूथ वाले दो-दो, 10 बूथ वाले तीन तथा 11 बूथ का एक मतदान केंद्र हैं।
लोगों ने देखी मतदाता सूची
भानपुर। विधान सभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन बुधवार को तहसील क्षेत्र के सभी बूथों पर किया गया। बीएलओ ने ग्रामीणों को बढ़े हुए नामों की जानकारी दी। प्राथमिक विद्यालय रामनगर में रामनगर और चेरूईया के बीएलओ धर्मेंद्र कुमार व गणेश दत्त, सत्यभामा व पुष्पा ने प्रधान के प्रतिनिधि रामनगर मोहम्मद रईश व हल्का लेखपाल अमित श्रीवास्तव की उपस्थिति में मतदाता सूची का प्रकाशन किया। इस मौके पर अखिलेश श्रीवास्तव, उदय चंद्र मौर्या के साथ कई ग्रामीण मौजूद रहे।
आयु वर्ग वार मतदाताओं की संख्या
आयु वर्ग, मतदाता
18-19, 21262
20-29, 410959
30-39, 532586
40-49, 361391
50-59, 273099
60-69, 180299
70-79, 93876
80 प्लस, 34572