घरेलू सिलिंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायत पर छापा
भानपुर (बस्ती)। तहसील क्षेत्र के चाय और ढाबों के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग को लेकर स्थानीय प्रशासन सख्त हो गया है। लोगों से मिल रही शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम गिरीश कुमार झा ने सोमवार को तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी, पूर्तिनिरीक्षक रमेश वर्मा व प्रभारी निरीक्षक सोनहा की संयुक्त टीम से जांच कराई।
टीम ने भानपुर, सोनहा, नरखोरिया, दुबौली में संचालित दुकानों पर छापा मारा जिसमें अधिकतर दुकानों पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही प्रयोग होता पाया गया। इस बाबत जानकारी देते हुए तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी ने बताया कि एक दो स्थानों पर घरेलू गैस का इस्तेमाल पाया गया। जिन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए व्यावसायिक कार्य के लिए कार्मशियल सिलेंडर ही प्रयोग में लाने का निर्देश दिया गया है। बताते चलें कि इसके लिए क्षेत्र के गैस एजेंसी संचालकों ने पूर्व में एसडीएम को पत्र देकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग किए जाने की शिकायत की थी।