घर पर हुई थी महिला की मौत, छोटे बेटे ने पिता और बड़े भाई पर लगाया था हत्या का आरोप
कब्र से शव निकलवाकर कराया था पोस्टमार्टम फिर भी साफ नहीं हुई थी मौत की वजह
बरेली। हाल ही में वायरल हुए वीडियो ने प्रेमनगर पुलिस पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में दरोगा की मौजूदगी में दो लोग अशरफ खां छावनी के एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या का अपराध कबूल करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। बाद में यह व्यक्ति भी यह कबूल करता दिख रहा है कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर उसे मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। एसएसपी ने सीओ को इस मामले की जांच का आदेश दिया है। दिलचस्प यह है कि पत्नी की हत्या का अपराध कबूल करने के बावजूद पुलिस ने इस व्यक्ति को छोड़ दिया था।
अशरफ खां छावनी में 46 वर्षीय बब्बो अपने पति सिद्दीक हसन और बड़े बेटे आरिफ के साथ रहती थीं। छोटे बेटे यूसुफ को प्रेम विवाह करने पर इस दंपती ने घर से निकाल दिया था जिसके बाद वह अपनी ससुराल में रह रहा है। नौ अप्रैल को बब्बो की घर में ही जलने से मौत हो गई जिसके बाद सिद्दीक हसन और आरिफ ने उन्हें सुपुर्दे खाक कर दिया। उनकी मौत की पुलिस को भी खबर नहीं दी। यूसुफ ने बब्बो को सुपुर्दे खाक करने का वीडियो बनाने के बाद 29 मई को उसे वायरल करने के साथ पिता और बड़े भाई पर मां की हत्या का आरोप लगाया।
वीडियो एसएसपी रोहित सिंह सजवाण की जानकारी में आया तो उन्होंने प्रेमनगर पुलिस को जांच का आदेश दिया। पुलिस ने सिद्दीक और आरिफ को हिरासत में लेने के बाद 30 मई को बब्बो का शव कब्र से निकलवा लिया और उसका पोस्टमार्टम कराया लेकिन उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ तो विसरा को जांच के लिए भेजने के बाद सिद्दीक और आरिफ को छोड़ दिया।
अब इस मामले में एक और वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक दरोगा की मौजूदगी में दो लोग सिद्दीक पर दबाव बना रहे हैं कि वह अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूल कर ले। उनके दबाव में आकर सिद्दीक यह स्वीकार भी कर लेते हैं कि उन्होंने गला दबाकर पत्नी बब्बो की हत्या करने के बाद उन्हें मिट्टी का तेल डालकर जला दिया। वीडियो वायरल करने के साथ यह कहा जा रहा है कि सिद्दीक ने खुद पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है, इसके बावजूद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
वीडियो का संज्ञान लेकर सीओ प्रथम को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अभी विसरा रिपोर्ट भी नहीं आई है। जांच में जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी