दहेज की मांग पूरी न होने पर जुल्म ढा रहे थे ससुराल वाले
बरेली। तीन तलाक का शिकार अभी तक महिलाएं ही हो रही थीं, लेकिन अब शौहर और उसके घरवालों के उत्पीड़न से परेशान महिलाएं भी तलाक तलाक देने लगी हैं। अब बारादरी की एक महिला ने शौहर को तलाक-ए-तफवीज दे दिया है।
बारादरी के पुराना शहर इमामबाडे़ की रहने वाली हिना का निकाह करीब नौ साल पहले काशीपुर के महुआ खेड़ागंज निवासी युवक से हुआ था। निकाह के बाद से ही युवक और उसका परिवार दहेज की मांग को लेकर आए दिन हिना के साथ मारपीट करने लगा। दहेज में 50 हजार रुपये लाने के लिए दबाव बनाने को उसे भूखा-प्यासा रखा जाने लगा। ससुराल वालों ने जनवरी में हिना को दहेज के लिए पीटा और जान से मारने की कोशिश की तो वह अपने मायके बरेली आ गई। इसके बाद पति और उसके परिवार ने हिना से किनारा कर लिया। पति ने साफ कह दिया कि वह न तो हिना को साथ रखेगा और न ही उसे तलाक देगा। पति की बेरुखी से परेशान होकर हिना ने बुधवार को तलाक-ए-तफवीज के अधिकार का प्रयोग करते हुए शौहर को तलाक दे दिया। चार दिन पहले धौरेरामाफी की एक महिला ने शौहर के उत्पीड़न से तंग आकर उसे तलाक दे दिया था।