शेरगढ़ (बरेली)। रम्पुरा गांव के जंगल में एक युवती की हत्या कर शव नलकूप के बोरिंग के गड्ढे में फेंक दिया गया। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। इसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मुआयना किया। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
रम्पुरा-पिपौली मार्ग किनारे ब्रजलाल के खेत में नलकूप के बोरिंग के गड्ढे में 19 वर्षीय युवती का शव पड़ा देखकर गुरुवार सुबह लोगों ने ग्राम प्रधान जमुना प्रसाद को सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद सीओ बहेड़ी रामानंद राय फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंच गए। युवती का दुपट्टा उसकी कमर से लिपटा था। कुर्ती एक जगह फटी हुई थी। मौके पर संघर्ष होने जैसा कोई चिह्न नहीं था। शव पर भी चोट का कोई निशान नहीं था। शव के पास पानी और कोल्डड्रिंक की बोतल के साथ ही युवती की चप्पल मिलीं। काफी कोशिश के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी तो पुलिस ने शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉग स्क्वॉड पास के गांव नूराबाद तक जाकर लौट आया।
शाम को पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। विसरा सुरक्षित रखने के साथ ही दुष्कर्म की आशंका में स्लाइड बनाई गई, हालांकि डॉक्टरों को प्रारंभिक तौर पर दुष्कर्म के लक्षण नहीं मिले। एसओ शेरगढ़ अश्विनी कुमार ने बताया कि हालात देखकर लग रहा है कि कहीं और हत्या कर गुरुवार तड़के शव यहां जंगल में डाला गया है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।