बाराबंकी। जिले में वाहन स्वामी परिवहन विभाग का करोड़ों रुपये का टैक्स दबाए बैठे हैं। बड़ी संख्या में वाहन बिना रोड टैक्स जमा किए फर्राटा भर रहे हैं। एआरटीओ प्रशासन ने रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
5078 वाहन स्वामियों पर 16 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है। रोड टैक्स न जमा करने वाले वाहन स्वामियों को रिकवरी पत्र जारी किया गया है। वहीं एआरटीओ के पत्र के आधार पर डीएम ने राजस्व विभाग से कुर्की कराने के आदेश दिए हैं। इससे वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया है।
एआरटीओ प्रशासन ने लंबे समय से रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों पर सख्त रवैया अपनाना शुरू कर दिया है। एआरटीओ कार्यालय द्वारा 5078 कॉमर्शियल वाहनों को नोटिस जारी कर 30 सितंबर तक रोड टैक्स जमा करने का अंतिम मौका दिया है। इन वाहन स्वामियों पर 16 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है।
एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी टैक्स न जमा करने से रकम बढ़ गई है। निर्धारित समय में टैक्स जमा करने वाले वाहन स्वामियों को टैक्स व पेनाल्टी में छूट दी जाएगी। समय सीमा जो निर्धारित की गई है उसमें टैक्स न जमा करने पर राजस्व विभाग द्वारा वाहन या फिर चल-अचल संपत्ति की कुर्की कराई जाएगी।
जिले में 5078 कॉमर्शियल वाहनों पर करीब 16 करोड़ रुपये रोड टैक्स बाकी है। कई बार नोटिस के बाद मंगलवार को अंतिम नोटिस जारी कर डीएम को रिकवरी कराने के लिए पत्र भेजा गया है। 235 वाहन स्वामियों को आरसी भी जारी किया जा चुका है। 30 सितंबर के बाद से कुर्की की प्रक्रिया शुरू होगी।
-पंकज सिंह, एआरटीओ प्रशासन