सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। एक ओर सरकार नौनिहालों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था मुहैया कराए जाने के लिए काफी प्रयासरत दिखाई दे रही है। वहीं विद्यालय परिसर में जलभराव के चलते उठने वाली दुर्गंध से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका को लेकर बच्चे दूसरे के मकान में रखे छप्पर के नीचे शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हो रहे हैं।
मामला शिक्षा क्षेत्र सिरौलीगौसपुर की ग्राम पंचायत दुर्जनपुर के प्राथमिक विद्यालय बांकीपुर का है। जहां के विद्यालय परिसर में करीब तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। जो अब सड़ने की वजह से काले रंग का हो गया है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका के चलते विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने गांव के एक मकान के सामने रखे दो तल्ले छप्पर के नीचे छोटे बच्चों की पाठशाला लगाकर शिक्षा देना शुरू कर दिया है। वही बड़े बच्चे दुर्गंध युक्त पानी से गुजरकर विद्यालय में आज भी शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हो रहे हैं।
इस संबंध में यहां के प्रधानाध्यापक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि यहां पर कुल 60 बच्चे पंजीकृत हैं। जिसमें 24 बच्चे उपस्थित थे। यहां पर हमारे अतिरिक्त सहायक अध्यापक के रूप में ज्योति मिश्रा शिक्षा दे रही हैं। विद्यालय परिसर में करीब एक सप्ताह से पानी भरा हुआ है।
इससे अब दुर्गंध के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी व ग्राम पंचायत के प्रधान को भी अवगत कराया गया लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार गुप्ता ने बताया कि यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। शीघ्र ही इस समस्या का कोई निदान किया जाएगा।