इसरौली (बाराबंकी)। क्षेत्र के बिलौली में स्थित गौशाला में मृत मवेशी के अवशेष पड़े होने पर हिन्दू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के सचिव को निलंबन की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे बीडीओ ने कार्यकर्ताओं से वार्ता शुरू कर दी थी।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बिलौली में सोमवार को हिन्दू युवा वाहिनी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गौशाला में मृत मवेशियों के अवशेषों को देख सभी कार्यकर्ता ने गौशाला परिसर में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिला प्रभारी रवि सिंह, जिलाध्यक्ष नारेंद्र सिंह सोनू ने कहा कि मृत मवेशियों के अवशेषों का निस्तारण नहीं किया जाता है। जिसके कारण बदबू फैलने के साथ संक्रमण भी फैल सकता है।
इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतें होती हैं। उनकी मांग है कि लापरवाही करने वाले क्षेत्र के सचिव को तत्काल निलंबित किया जाए और मवेशियों के चारे व उपचार की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए तब प्रदर्शन समाप्त किया जाएगा। सूचना पर पुलिस बल व बीडीओ आलोक वर्मा ने पदाधिकारियों से वार्ता की लेकिन देरशाम तक बात बन नहीं सकी।
बीडीओ आलोक वर्मा ने बताया कि प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। इस मौके पर जिला महामंत्री दीप्तांशु निगम, बृजेश प्रताप सिंह, तहसील प्रभारी दीपक यादव, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश यादव, नितिन मौर्य, अंकित जायसवाल मुकेश सिंह सहित हियुवा के काफी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे।(संवाद)