बांदा। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की फांसी से मौत हो गई। परिजन घटना की वजह स्पष्ट नहीं कर सके। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका आईटीआई में दाखिले की तैयारी कर रही थी।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव निवासी राजकुमार की पुत्री नीलम (19) ने बुधवार की रात अपने कमरे में खपरैल में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बृहस्पतिवार को सुबह देर तक दरवाजे न खुलने पर मां विद्या ने उसे आवाज दी। कोई जवाब न आने पर उसने हाथ डालकर अंदर से दरवाजे की कुंडी खोली तो नीलम का शव फंदे पर लटक रहा था।
सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। शव का पंचनामा भरा गया। पूछताछ में परिजन आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। मृतका के चाचा दासूराम ने बताया कि मृतका इंटर उत्तीर्ण थी। आईटीआई में सिलाई ट्रेड में दाखिला की तैयारी कर रही थी।
अलग कमरे में रहकर पढ़ाई करती थी। शादी के लिए भी कुछ जगह बातचीत चल रही थी। घटना के वक्त घर में मां और भाई कुलदीप अलग कमरे में थे। पिता लखीमपुर खीरी में कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मी है।