नानपारा (बहराइच)। नानपारा स्थित श्रावस्ती सहकारी चीनी मिल पर गन्ना किसानों का 31 करोड़ रुपये बकाया है। इसके लिए शुक्रवार को गन्ना मंत्री से वर्चुअल बैठक की गई। बैठक के बाद 8.5 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेज दिए गए हैं जिससे अब किसानों का बकाया 22 करोड़ के आसपास रह गया है।
श्रावस्ती सहकारी चीनी मिल नानपारा में दो तहसीलों के किसान गन्ना लेकर आते हैं। सरकारी होने के बावजूद गन्ना बकाया का भुगतान करने में मिल प्रशासन काफी पीछे है। किसानों का 31 करोड़ रुपये से अधिक गन्ना बकाया है। शुक्रवार को गन्ना मंत्री सुरेश राणा और अपर प्रमुख सचिव शासन की वर्चुअल मीटिंग हुई जिसमें प्रदेश में संचालित सहकारी चीनीमिलों में गन्ना बकाया के लिए दो सौ करोड़ रुपया जारी किया गया जिसमें से 8.50 करोड़ रुपये नानपारा चीनी मिल को मिला है।
चीनी मिल के वरिष्ठ लेखाकर राकेश खंडेवाल ने बताया कि 8.5 करोड़ रुपया गन्ना किसानों के खाते में जा रहा है। शेष बकाया राशि जल्द ही किसानों के खाते में भेजी जाएगी। मामले में चीनी मिल के महाप्रबंधक प्रदीप त्रिपाठी से बात करने के लिए कॉल की पर रिसीव नहीं हुई।