लूम्ब गांव के सार्वजनिक शौचालय पर लगा ताला
- फोटो : BAGHPAT
छपरौली। क्षेत्र के गांव लूंब में सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगा है। इस कारण गांव के लोगों को शौचालय का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से हस्तक्षेप करके शौचालय को चालू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा गांव में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया। 11 अक्तूबर 2020 को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शौचालय का ऑनलाइन शिलान्यास किया । शौचालय तैयार हो चुका है, मगर चालू नहीं कराया है। निर्माण होने के बाद ही सार्वजनिक शौचालय पर ताला लगा है। गांव के धर्मेंद्र ने बताया कि शौचालय चालू न होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शौचालय जल्द चालू कराने की मांग की है। बिजेंद्र ने कहा ग्राम प्रधान से कई बार शौचालय चालू कराने की मांग की है, कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सलीम खान ने कहा ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण तो कराया गया, मगर चालू न कराने के कारण लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। अरुण ने कहा शौचालय शुरू कराने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की है। कई बार शिकायत करने के बाद भी शौचालय को चालू नहीं कराया जा रहा है। ताला बंद होने के कारण ग्रामीण शौचालय का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं। ग्राम प्रधान बहादुर सिंह ने कहा शौचालय की देखरेख व संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिला की है। शौचालय के रखरखाव के लिए महिला समूह को 27 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।