बागपत। माता कॉलोनी में बहन की शादी के लिए जोड़े गए हजारों की नगदी और जेवरात चोरी कर भाई-भाभी फरार हो गए। पीड़ित पिता ने बेटे और बहू के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
माता कॉलोनी निवासी शाहिद ने दी तहरीर में पुलिस को बताया कि उसके बेटे बिलाल ने गुलफ्शा से प्रेम विवाह किया। एक साल तक वह पत्नी के साथ रटौल गांव में रहा। एक साल पहले उसने पुत्रवधू को स्वीकार कर लिया और बेटे और बहू को अपने घर लेकर आ गया । अब पति और पत्नी माता कॉलोनी में पिता के साथ रह रहे थे। शाहिद ने अपने बेटी की शादी तय कर दी। उसने शादी के लिए सामान जोड़ रखा था। मंगलवार की रात में बेटे बिलाल और उसकी पत्नी गुलफ्शा ने परिजनों को नींद की गोलियां खिला दी। रात्रि में दोनों घर से करीब 80 हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। क्षेत्र में दोनों को काफी तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। पिता ने कोतवाली में बेटे और बहू के खिलाफ नामजद तहरीर दी । पुलिस मामले की जांच में जुट गई।