बड़ौत (बागपत)। जिले की 244 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक भर्ती के लिए सोमवार से आवेदन शुरू हो गए है। यह आवेदन 17 अगस्त तक किए जा सकते हैं। भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त तक विभाग को मेरिट लिस्ट तैयार करनी हैं। वहीं कोविड से निधन होने वालों के परिजनों को वरीयता दी जाएगी।
जिले में 244 पंचायतों में पंचायत सहायक/अकाउंटेड कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए कोई परीक्षा नहीं होगी और 10वीं व 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार करके नियुक्ति दी जाएगी। शासन के नियम के अनुसार जिस गांव में जिस जाति के लिए पंचायत चुनाव के लिए सीट आरक्षित थी, वहां उस जाति से पंचायत सहायक रखा जाएगा। एक वर्ष के लिए संविदा पर होने वाली इस भर्ती में पंचायत सहायक को प्रति माह छह हजार रुपये का मानदेय मिलेगा।
कोविड से निधन होने वालों के परिजनों को वरीयता
बीडीओ राहुुल वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण जिन लोगों का निधन हुआ है। उनके परिजनों को नियुक्ति में वरीयता दी जाएगी। ग्राम पंचायत के प्रधान, उप प्रधान, सदस्य व सचिव के किसी संबंधी को इस पद पर नियुक्त नहीं किया जाएगा। यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन रहेगी। बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर मेरिट लिस्ट के आधार पर सहायकों का चयन किया जाएगा।