फरिहां। स्थानीय बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान के गोदाम में शनिवार को दिन में गैस सिलिंडर में हो रहे रिसाव के चलते आग लग गई। अगलगी की इस घटना में तीन लोग गंभीररूप से झुलस गए। जल रहे सिलिंडर को लोगों ने किसी तरह से ढकेल कर पास स्थित पानी भरे गड्ढे में फेंक कर आग बुझाया।
निजामाबाद थाना अंतर्गत फरिहा बाजार में शिव मंदिर के अहाते में बंगाली स्वीट हाउस का गोदाम है। इस गोदाम में कारीगर मिठाईयां बनाते है। रोज की भांति शनिवार को भी कारीगर अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक गैस सिलिंडर से हो रहे रिसाव के चलते गोदाम में आग लग गई। कुछ ही देर में आग भयावह हो गई। जिसकी चपेट में आकर कारीगर अविनाश, शिवकुमार समेत एक अन्य झुलस गया। चीख पुकार सुन कर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाई और जल रहे गैस सिलिंडर को किसी तरह ढकेल कर मंदिर परिसर स्थित पानी भरे गड्ढे में फेंका। जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। कहीं सिलिंडर फट गया होता तो काफी नुकसान हुआ होता। वहीं गोदाम के छप्पर आदि में लगी आग को स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर किसी तरह बुझाया। घटना से बाजार में घंटो अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिली। तीनों झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है।