आजमगढ़। शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में एक शिक्षक द्वारा एक औरत के साथ अभद्रता की जा रही है। इसके साथ ही उक्त वीडियो में वह शिक्षक ग्रामीणों से तकरार करता नजर आ रहा है। इस वीडियो के वायरल होने पर हड़कंप मच गया वहीं विद्वालय के शिक्षकों ने सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई न होने तक विद्यालय बंद रखने की चेतावनी दिया है।
शिक्षा क्षेत्र अजमतगढ़ के कंपोजिट विद्यालय सुल्तानपुर पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक महिला शिक्षक को मारने के लिए एक पुरुष शिक्षक बार-बार धमकी दे रहा था। उक्त महिला शिक्षक डरी सहमी कुछ बोल भी नहीं पा रही थी। शिक्षक के इस कारनामें की खबर ग्रामीणों को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन आरोपित शिक्षक ने गेट में ताला बंद कर दिया। इस बात को लेकर ग्रामीणों से भी उसकी तकरार हुई। इसके बाद शिक्षक कमरे में पहुंचा और महिला शिक्षक से अभद्रता करने लगे। स्कूल के अन्य शिक्षक बीच-बचाव करते रहे। लगभग एक घंटे तक विद्यालय में हंगामा चलता रहा। मामले में प्रधानध्यापिका रीता देवी समेत प्रतिभा सिंह, प्रतिमा, कंचन, अनीता, प्रेमप्रकाश आदि शिक्षक ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को प्रार्थना पत्र प्रेषित कर आरोपित सहायक अध्यापक के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उक्त शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई न होने तक विद्यालय बंद रखने की चेतावनी दी है। दीनानाथ साहनी, खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह मामला मेरे संज्ञान में है। मैंने इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें आगे की कार्रवाई उनके स्तर से की जाएगी।