तिगरी धाम मेले में पहुंचे ट्रैक्टर-ट्राली में सवार श्रद्धालु।
- फोटो : JPNAGAR
गजरौला(अमरोहा)। आधी-अधूरी तैयारियों के बीच तिगरी गंगा मेला शुरू हो गया। मेले में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। वहीं मनोरंजन के साथ ही अन्य दुकान भी मेले में लगने लगीं। हालांकि प्रशासन द्वारा औपचारिक रूप से मेले का शुभारंभ देवोत्थान एकादशी पर किया जाएगा।
तिगरी गंगा किनारे सदियों से लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन जिला पंचायत कराती है। 2017 में मेले को राजकीय घोषित किया गया। इसके बाद भी जिला प्रशासन ने मेले के आयोजन का जिम्मा जिला पंचायत को सौंपा। बीते साल कोरोना की वजह से मेला नहीं लगा। इस बार मेले को आयोजित करने की शासन ने 31 अक्तूबर को अनुमति दी। कार्तिक पूर्णिमा पर लग रहा दस दिवसीय मेला 11 नवंबर से शुरू हो गया, लेकिन जिला पंचायत और जिला प्रशासन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम नहीं कर सका। जिसकी वजह से मेला आधी अधूरी तैयारियों के बीच शुरू हुआ। हालांकि प्रशासन द्वारा औपचारिक रूप से मेले का शुभारंभ 14 नवंबर को देवोत्थान एकादशी पर किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि मेले का शुभारंभ 14 तारीख को किया जाएगा। तब तक तैयारियां पूरी हो जाएंगी।