अमरोहा। दबंगों ने शुक्रवार रात को कूड़ा डालने वाले स्थान को अपने खेत में मिला लिया। शनिवार सुबह कूड़ा डालने गई कूूड़ी स्वामी की बेटी के शिकायत करने पर दबंगों ने घेर कर उसके साथ मारपीट की। बचाने आईं उसकी बहनों, मां, दादी को भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिहाली गौसाईं निवासी राजेंद्र सैनी के कूड़ा डालने वाले स्थान को गांव निवासी ग्रामीण के खेत और घर के निकट है। ग्रामीण का आरोप है कि आरोपी ने शुक्रवार की रात को उसकी कूड़ा डालने वाले स्थान को अपने खेत में मिला लिया। इसके अलावा पीड़ित के खेत में ही अपना रास्ता खोल दिया। शनिवार तड़के पांच बजे पीड़ित की बेटी पूनम कूड़ा डालने गई। उसनेकूड़ा डालने वाले स्थान पर कब्जा होता देख विरोध जताया। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी ग्रामीण व उसके बेटों ने पूनम के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। पूनम के शोर मचाने पर परिजन दौड़े। आरोपी ने बेटों और पत्नी के साथ राजेंद्र की बेटियों, मां और पत्नी को घेर लिया। लाठी-डंडों से हमला कर सभी को घायल कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को बचाया। झगड़े में घायल हुईं राजेंद्र की बेटियों पूनम, संगीता, अर्चना, पत्नी राजबाला, और मां छुटिया को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी शरद मलिक का कहना है कि गांव में झगड़े का मामला सामने आया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
गांव में नहीं पहुंची एंबुलेंस
गजरौला। सलेमपुर गौसाईं में शनिवार की तड़के झगड़ा होने से गांव में खलबली मच गई। घायलों को सीएचसी पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने सरकारी एंबुलेंस को कॉल की, लेकिन एंबुलेंस गांव में नहीं पहुंची। इस पर ग्रामीण घायलों को ट्रैक्टर-टिपलर से सीएचसी ले गए।