अमरोहा। पति के मानसिक रूप से बीमार होने के बाद देवर ने शादी का झांसा देकर विवाहिता से दुष्कर्म किया। सात साल तक शारीरिक संबंध बनाए। महिला के दो बच्चे है। लेकिन, अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है। सास और बहनोई उसका साथ दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने देवर सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
यह मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले का है। यहां पर रहने वाली विवाहिता का पति मानसिक रूप से बीमार हो गया था। जिसके बाद से महिला लोगों के घर में चौका बर्तन करके अपने परिवार का पालन पोषण करती है। आरोप है कि देवर शादी का झांसा देकर पिछले सात वर्षों से दुष्कर्म कर रहा है। जिससे उसके दो बच्चे पैदा हुए। अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है। सास और बहनोई उसका साथ दे रहे हैं। 31 जुलाई की रात महिला घर पर अकेली थी। इस दौरान आरोपी जान से मारने की नीयत से घर में घुस आया। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। तभी आरोपी धमकी देता हुआ फरार हो गया।
पीड़िता ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उसने एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर देवर, बहनोई और सास के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।