24 : अमेठी : सराय खेमा गांव में मकान में जमा पानी को पंप सेट से निकालते ग्रामीण। -संवाद
- फोटो : AMETHI
अमेठी। दो दिन तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश से जलभराव की स्थिति शुक्रवार को भी बनी रही। जगह-जगह जलभराव से पूरा जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश से पूरे क्षेत्र में फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।
यह हालात तहसील क्षेत्र के सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में है। शहर स्थित पशु अस्पताल परिसर में शुक्रवार को भी करीब दो फिट पानी भरा रहा। अस्पताल के भीतर रखा सामान बर्बाद हो रहा है। पशु चिकित्सालय कर्मी सड़क पर बैठकर ड्यूटी करते नजर आए।
विपणन शाखा केंद्र पर भी जलभराव की स्थिति दिखाई पड़ी। शहर के रामलीला मैदान, जूनियर हाई स्कूल परिसर, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम सहित कई अन्य स्थानों पर कमोबेश यही स्थिति रही।
प्राथमिक विद्यालय पूरे प्रेम, प्राथमिक विद्यालय सराय हीरमती सहित कई विद्यालय परिसर व कमरों में पानी भरा है। शहर का निर्माणाधीन बाईपास, ककवा रोड से गौरीगंज मार्ग तक बना डायवर्जन रूट राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
ग्रामीणों ने लगाया पंपिंग सेट
अमेठी। तहसील क्षेत्र के सराय खेमा गांव भारी बारिश के चलते पानी से घिर गया है। पानी का दबाव बढ़ा तो लोगों के घर डूबने लगे। घर डूबने की स्थिति पर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पंपिंग सेट लगाकर गांव के चारों ओर भरे पानी को निकलवाना शुरू कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीडीओ और पंचायत सचिव से सफाई कराए जाने की मांग की गई बावजूद इसके जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं।