अमेठी। क्षेत्र में बुखार से लगातार हो रही मौतों के चलते चिकित्सक व पैथालॉजी के स्टाफ की टीम गांव में कैंप कर रही है। इसके चलते सीएचसी आने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र में वायरल फीवर का प्रकोप और आए दिन बुखार से मौत के मामले सामने आ रहे हैं। घटना की जानकारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की पैथोलॉजी व अन्य टीम चिकित्सकों के साथ संबंधित गांव में कैंप कर मरीजों की जांच एवं उनका उपचार कर रही है।
ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों के अभाव में लोगों को घंटों चिकित्सक का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं पैथोलॉजी में भी टीम न होने से जांच में मुश्किलें आ रही हैं। इसी तरह दवा के लिए फार्मासिस्ट का भी इंतजार करना पड़ रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की कमी है। क्षेत्र में जहां सूचना मिल रही है वहां टीम के साथ चिकित्सकों को भेजना पड़ रहा है। ऐसे में अस्पताल आने वाले मरीजों को समस्या होना लाजिमी है। डॉ. सौरभ ने उम्मीद जताई कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।