आलापुर। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान के तहत सीएचसी रामनगर में 101 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। प्रसव के बाद परिवार नियोजन की भी जानकारी दी गई। कोरोना वैक्सीनेशन की गुणवत्ता की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया गया। बाद में भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ने महिलाओं को फल वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को कैंप के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की सेहत की जांच की गई। जांच कर रहीं चिकित्सक डॉ. शिप्रा मौर्या ने बताया कि सभी महिलाओं की काउंसिलिग के साथ जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य की देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। प्रसव के बाद परिवार कल्याण के तरीकों के बारे में भी बताया गया। डॉ. आशीष कुमार राय ने बताया कि प्रत्येक माह की नौ तारीख को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान मनाया जाता है।
इसमें सभी गर्भवती महिलाओं का चेकअप किया जाता है। साथ ही किसी भी संभावित बीमारियों के लक्षणों की पहचान भी की जाती है। उन्हें सलाह दी कि वे अपने खानपान को लेकर पूरी तरह से सजग रहें। बेहतर खानपान से शरीर में रक्त की कमी अथवा अन्य किसी तरह के विकार उत्पन्न होने की संभावना कम रहती है। समय समय पर चिकित्सक से परामर्श लेने की भी सलाह दी गई।
सलाह दी गई कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का सभी लोग बढ़ चढ़कर लाभ उठाएं। वहीं भाजपा प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आरएस गौतम ने महिलाओं को फल वितरित किए। मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य राजाराम पांडेय, डॉ. एसपी मौर्य, फार्मासिस्ट चंद्रिका प्रसाद व शिव कुमार आदि मौजूद रहे।