प्रधान पति से मांगी पांच लाख की रंगदारी, केस दर्ज
अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत अन्नावां गांव की प्रधान के पति को फोन कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ मामले में छानबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि चार वर्ष पहले प्रधान पति की हत्या के लिए क्षेत्र में आये तीन बदमाशों को जनपद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अन्नावां ग्राम पंचायत की प्रधान मिथिलेश के पति ओमप्रकाश गुप्ता के मोबाइल पर मंगलवार शाम आठ बजकर चालीस मिनट पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया।
उसने प्रधान पति को कई तरह की धमकी देने के साथ उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी। किसी शरारती तत्व की करतूत समझ उन्होंने उसे डांट दिया। फोन काटने के बाद एक बार फिर से उसने फोन किया।
फोन उठाते ही फिर से पांच लाख रुपये की मांग की गई। इस बार फोन करने वाले ने कहा कि वह पवित्र शिवबाबा के निकट सीहमई रेलवे क्रॉसिंग के पास मौजूद है। वहां वह जल्दी से पैसा लेकर आ जाएं।
फोन कटते ही प्रधान प्रतिनिधि ने अहिरौली थाना प्रभारी वसुदेव राणा को फोन कर घटना की जानकारी दी। ग्राम प्रधान मिथिलेश ने एसपी सुधीर सिंह से पूरे प्रकरण की शिकायत की।
थाना प्रभारी ने इसके बाद प्रधान पति को लेकर रंगदारी मांगने वाले की गिरफ्तारी के लिए सीहमई क्रॉसिंग के निकट घेराबंदी कर दी। काफी देर के इंतजार के बाद भी न तो वहां कोई आया और न ही दिखाई पड़ा।
इससे पहले जब तक पुलिस टीम मौके तक नहीं पहुंची थी, प्रधान पति को क्रॉसिंग के पास बुलाने के लिए संबंधित मोबाइल नंबर से लगातार आठ बार काल की गई।
बाद में जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो कोई नहीं दिखा। ग्रामीणों के सहयोग से काफी देर तक क्रॉसिंग व आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चला लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
बाद में पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एसओ वसुदेव राणा ने बताया कि वे सब मौके पर गये थे लेकिन कोई मिला नहीं। संबंधित नंबर को सर्विलांस पर लगवाकर छानबीन कराई जा रही है।
प्रधान पति की हत्या के लिए वर्ष 2013 में तीन बदमाश पकड़े जा चुके हैं। प्रधान पति को इसकी जानकारी तब हुई, जब स्वाट टीम ने सर्विलांस के आधार पर बदमाशों की गिरफ्तारी की।
पकड़े गये बदमाशों ने पुलिस को बताया था कि वे सब प्रधान पति की हत्या के लिए आये थे। बदमाशों के इस खुलासे ने सनसनी मचा दी थी।