एसटीएफ ने मोजरा खीरी के जंगलों में 50 हजार के इनामी अपराधी अनिल सिंह उर्फ सोनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा और कारतूस के साथ चोरी की तीन बाइक भी बरामद की है। एसटीएफ को पता चला था कि सोनू अपने साथी संतोष को गोली मारने वाले तीन लोगों की हत्या की योजना बनाए है। उससे पहले ही उसे धर लिया गया।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि 50 हजार का इनामी बदमाश अनिल उर्फ सोनू सिंह निवासी चांद खमरिया, खीरी मोजरा जंगलों की ओर जाने वाला है। सूचना पर एएसपी नीरज पांडेय, डिप्टी एसपी नवेंदु सिंह ने टीम को वहां भेज दिया। इंस्पेक्टर अतुल सिंह और केसी राय ने बाइक से जा रहे सोनू सिंह को पकड़ लिया। शातिर अपराधी सोनू लेड़ियारी के रहने वाले संतोष सिंह और राहुल की गैंग में है तो लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। खीरी में 2018 में मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाकर फरार हो गया था। इसके बाद उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था।
उसने बताया कि उसके दोस्त संतोष सिंह ने लव मैरिज की थी। इस बात से नाराज होकर संतोष के साले रज्जाक ने छोटू, कासिम और मन्ना को सुपारी दोकर संतोष को गोली मरवा दी थी। हालांकि जानलेवा हमले में संतोष बच गया था। सोनू इसी बात का बदला लेना चाहता था। उसने संतोष के जीजा संतोष ओबरी के साथ मिलकर छोटू, कासिम और मन्ना की हत्या की योजना बनाई थी।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले एसटीएफ ने दो असलहा तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से सात पिस्टल और एक रिवाल्वर बरामद किया है। दोनों आरोपी असलहा तस्करी से पहले से जुड़े हैं। उनसे पूछताछ की गई किसने असलहों को मंगाया था। दोनों के अनुसार वे अधिक पैसों के लालच में किसी को भी असलहा बेच देते थे।
एसटीएफ की लखनऊ यूनिट के एएसपी सत्यसेन यादव को पता चला था कि एमपी से तस्करी कर लाए गए असलहे प्रयागराज में बिकने वाले हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर विजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दारागंज में लल्लू जी गोदाम के पास से छापा मारकर राजेंद्र कुमार निवासी झूंसी और शंभू लाल निषाद उर्फ अक्कू निवासी खरकौनी नैनी को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से .32 के सात पिस्टल, .38 का एक रिवाल्वर, नौ मैगजीन और पांच सिम बरामद किए गए। चुनाव को देखते हुए दोनों से लंबी पूछताछ की गई कि कहीं किसी अपराधी ने तो पिस्टल नहीं मंगाई है।
हालांकि दोनों ने बताया कि उन लोगों का सात लोगों का गिरोह है। वे लंबे समय से मध्य प्रदेश के बड़वान जिले के भोला जाट उर्फ सरदार जी से 8-10 हजार रुपये में पिस्टल और 6-7 हजार रुपये में खरीदते हैं और 25 से 30 हजार में पिस्टल और 15 से 20 हजार में रिवाल्वर बेचते हैं। शंभू दिखावे के लिए नैनी में बल्ली पटरे की दुकान रखता है और राजेंद्र नहर सफाई का ठेका लेता है। गिट्टी बालू की सप्लाई का काम भी वह करता है।