धूमनगंज में जाति बदलकर शादी करने के आरोप में कल्पना कुमारी (25) ने पति और लेखपाल ससुर पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद उसने शिकायत की तो आरोपियों ने उसे गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के बावजूद कार्रवाई न होने पर भुक्तभोगी ने कोर्ट में गुहार लगाई। तब जाकर मामला दर्ज किया गया।
सुलेमसराय के रम्मन का पूरा निवासी भुक्तभोगी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि वह ओबीसी श्रेणी में आती है और मार्च 2019 में उसकी शादी मछलीशहर जौनपुर में किराए पर रहने वाले शरद कुमार से हुई। उसका पिता राकेश कुमार लेखपाल है जो पूर्व में मछलीशहर और वर्तमान में मड़ियाहू जौनपुर में तैनात है। आरोप है कि शादी से पहले दोनों ने खुद को पिछड़ा वर्ग का बताया और जाति प्रमाणपत्र भी दिखाया। शादी के बाद उसे पति जेठवारा, प्रतापगढ़ स्थित अपने मूल निवास ले गया। इसी दौरान पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है।
आरोपी अनुसूचित जाति के हैं और फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाकर शादी की। इस बारे में पूछने पर पति ने कहा कि संपत्ति के चक्कर में उसने यह फर्जीवाड़ा किया। इस दौरान उसे पति का कुंडा तहसील से जारी एक अन्य जाति प्रमाणपत्र मिला, जिसके मुताबिक वह अनुसूचित जाति का है। शिकायत करने पर लेखपाल ससुर ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप यह भी है कि मामले की शिकायत इसी साल मार्च में एसएसपी से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने भुक्तभोगी के पति और उसके लेखपाल पति पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है।