उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
- फोटो : अमर उजाला
कार्यकर्ताओं की भीड़, जबरदस्त उत्साह और स्वागत की आतुरता, लेकिन वीवीआईपी की जेड प्लस सुरक्षा आड़े आ रही थी। कार्यकर्ताओं की पीड़ा भांपने में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देरी नहीं की और मंच पर न पहुंच सके कार्यकर्ताओं से रूबरू होने गैलरी तक पहुंच गए। उनके हाथों से फूल, बुके आदि लेकर उनका दिल ही जीत लिया। परिपक्व राजनेता के रूप में कार्यकर्ताओं के दिल के रास्ते चुनावी जमीन तैयार की। जब कहा कि हमारा हर कार्यकर्ता डिप्टी सीएम है तो कार्यकर्ताओं में जोश शिखर तक जा पहुंचा।
सरकार की उपलब्धियां, विपक्षी दलों की बुराई आदि तो सामान्य थी। खास बात 2022 के चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश थी। जिसके लिए उन्होंने कोई कसर भी नहीं छोड़ी। संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं की ओर सवाल उछालते हुए उनका जोश परखा। तो बीच-बीच में कार्यकर्ताओं की तारीफ कर मनोबल भी बढ़ाया। सपा और भाजपा सरकार की तुलना करते हुए अंतर गिनाए और सवाल किया कि 2022 में आप लोग फिर आशीर्वाद देंगे या नहीं? भीड़ में से जोश के साथ जवाब जय श्रीराम के नारे के साथ आया। डिप्टी सीएम ने कहा कि चुनाव आ गया है, तमाम लोग आएंगे और गुमराह करेंगे कि भाजपा के लोगों में आपस में लड़ाई चल रही है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। कहा कि मानता हूं कि 100 प्रतिशत काम नहीं हुआ होगा, लेकिन भूल-चूक मन में मत रखना। हम फिर आएंगे और छूटे हुए कामों को पूरा करेंगे।
शिलान्यास कर रहे हैं, उद्घाटन भी करेंगे
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा का एक उसूल है, शिलान्यास करो तो उद्घाटन भी करो। आज यहां कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया है, संभव नहीं है कि इतने कम समय में ये काम पूरे हो जाएंगे। हमें उम्मीद है कि 2022 में जीतकर आएंगे और इनके उद्घाटन का काम करेंगे।
एनएच-34 का होगा चौड़ीकरण
डिप्टी सीएम ने घोषणा की कि शहर में एनएच-34 के छह किमी के हिस्से का करीब 52 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण किया जाएगा। यह भी कहा कि उन्हें एटा-टूंडला मार्ग को फोर लेन का प्रस्ताव दिया गया है, इसकी समीक्षा कर जल्द निर्णय लेंगे।
एटा: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने किसान आंदोलन को बताया चुनाव आंदोलन, विपक्ष पर जमकर बरसे