आगरा में शमसाबाद नगर पालिका के तीन बार चेयरमैन रहे समाजवादी पार्टी के नेता शिव कुमार राठौर की हृदय गति रुकने से रविवार को मृत्यु हो गई। 2012 में वह लघु उद्योग निगम के चेयरमैन और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे थे। उनके निधन से सपा में शोक की लहर दौड़ गई है।
शिव कुमार राठौर पिछले दस दिनों से चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। रविवार दोपहर उनका निधन हो गया। सोमवार सुबह उनका शव अंतिम संस्कार के लिए आगरा लाया जाएगा। शिव कुमार की राजनीतिक शुरुआत 1989 में हुई। तब वह शमसाबाद नगर पालिका से पहली बार निर्विरोध सभासद बने। फिर 1995 में पहली बार नगर पालिका चेयरमैन पद पर काबिज हुए। लगातार तीन बार चेयरमैन रहने के बाद 2002 में उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी चेयरमैन बनीं। तब 2002 में शिव कुमार ने सपा की टिकट पर छावनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। 2012 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा देते हुए लघु उद्योग निगम का चेयरमैन बनाया था।
शिव कुमार के निधन पर सपा राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन ने शोक व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष रामगोपाल बघेल ने कहा पार्टी ने एक बड़ा नेता खो दिया है। शहर अध्यक्ष वाजिद निसार ने कहा शिव कुमार की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, अनिल रावत, ममता टपलू, वीनू महाजन, मदन गर्ग, जेपी यादव, राजपाल यादव, राकेश धनगर, पार्षद सुनील राठौर, रामनरेश यादव ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है।
अखिलेश यादव ने व्यक्त किया दुख
मैनुपरी पंचायत चुनाव: प्रधान पद पर मिली चुनाव में जीत लेकिन हार गईं जिंदगी की जंग