कासगंज। जिले में कोरोना संक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। जिला में सात नए संक्रमित सामने आए। इसके कारण संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 568 पर पहुंच गया। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। जबकि 14 लोग स्वस्थ हो गए। अब सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 95 रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग को आरटीपीसीआर की प्राप्त हुई रिपोर्ट में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले। जबकि एंटीजन से कराई गई 823 जांच में तीन लोग कोरोना संक्रमित निकले। सभी संक्रमित युवा आयु वर्ग के हैं। इन संक्रमितों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं। ये संक्रमित शहर की आवास विकास कॉलोनी, नई हवेली के अलावा हरसिंहपुर, इंदरा जसनपुर अमांपुर, तिलसई कला, इखौना आदि क्षेत्र में सामने आए। संक्रमितों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गई। टीमों ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया। इसके साथ ही दवा की किट भी उपलब्ध कराई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन लोग लापरवाही न बरतें। कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें। मास्क का प्रयोग करें, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। भीड़ भाड़ में जाने से बचें।