आगरा में आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर तीन के मोड़ पर ग्रीन गैस की पाइप लाइन डाले जाने के दौरान जल निगम की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पूरे दिन में 20 हजार लीटर गंगाजल व्यर्थ बह गया। इससे सेक्टर एक और सेक्टर तीन में रविवार शाम को जलापूर्ति नहीं हो सकी।
आवास विकास कॉलोनी में ग्रीन गैस की पाइप लाइन डाली जा रही है। रविवार की दोपहर को वार्ड 69 स्थित सेक्टर तीन के मोड़ पर मजदूरों की लापरवाही के कारण जल निगम की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण पानी व्यर्थ बहने लगा। पहले तो मजदूरों ने मिट्टी डालकर पानी का बहाव रोका, लेकिन शाम को जलापूर्ति के वक्त फिर यहां से पानी बहने लगा।
सेक्टर तीन के धर्मवीर ने बताया कि ग्रीन गैस के ठेकेदार से कहा गया तो उसने लीकेज ठीक कराने की बात कही, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया। पानी की लाइन लीकेज होने के कारण रविवार शाम को सेक्टर एक और सेक्टर तीन के आधे इलाके में जलापूर्ति बाधित रही।