किशनी थाने में थानाध्यक्ष से वार्ता करते भाजपा नेता।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। किशनी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और चेयरमैन प्रतिनिधि के बीच विवाद हो गया है। ईओ ने चेयरमैन प्रतिनिधि पर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। वहीं शनिवार शाम को चेयरमैन प्रतिनिधि ने भाजपा नेताओं के साथ थाने पहुंचकर ईओ के खिलाफ तहरीर दी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अभय रंजन शनिवार की दोपहर गोशाला में कराए जा रहे कार्य का निरीक्षण करने गए थे। आरोप है तभी वहां चेयरमैन अनिल मिश्रा के प्रतिनिधि रवि चौहान भी आ गए। आरोप है कि प्रतिनिधि ने आते ही उनके साथ गाली गलौज करना शुरू कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। ईओ ने पूरे मामले की शिकायत एसडीएम से की। एसडीएम मान सिंह पुंडीर ने प्रभारी निरीक्षक को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। ईओ की ओर से थाना पुलिस को तहरीर दी गई है। ईओ ने कहा कि वह इस मामले में जिले भर के अधिशासी अधिकारियों के साथ मिलकर डीएम से शिकायत करेंगे।
उधर मामले में शनिवार शाम को भाजयुमो के जिला महामंत्री विक्रांत चौहान, शिवानू चौहान, अनुज तिवारी व मंडल अध्यक्ष हृदेश शाक्य के साथ थाने पहुंचकर चेयरमैन प्रतिनिधि रवि चौहान ने ईओ अभय रंजन के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि शनिवार दोपहर वह चेयरमैन प्रतिनिधि होने के नाते गोशाला की व्यवस्थाएं देख रहे थे। वहां ईओ से चारा व दाना गोशाला में न होने का कारण पूछा। इसी बात पर ईओ भड़क गए और गाली-गलौज की और मारने के लिए दौड़ पड़े। किशनी के थाना प्रभारी अजय सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर दोनों पक्षों ने तहरीर दी है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
रवि चौहान मेरे प्रतिनिधि हैं। दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। आपसी सहमति के साथ बातचीत के आधार पर इस मसले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
अनिल मिश्रा, चेयरमैन नगर पंचायत किशनी