आगरा में ताजमहल घूमने के दौरान बुजुर्ग को हार्ट अटैक आ गया। बेटे ने सीपीआर देकर पिता की सांस लौटाई। सात मिनट के अंदर एंबुलेंस से आर्मी अस्पताल भेजा गया।
उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल के सेंट्रल टैंक के पास अचानक एक बुजुर्ग पर्यटक बेहोश हो गया। उसे सांस लेने में मुश्किल होने लगी। पर्यटक के सैन्य अफसर बेटे ने सीपीआर देना शुरू कर दिया। पिता की छाती को पंप किया, तो अपने मुंह से सांस देने लगा। यह देखकर पर्यटक आसपास एकत्रित हो गए। बेटे की कुछ मिनट की मेहनत के बाद पिता को होश आने लगा। उसके बाद सीआईएसएफ कर्मियों की मदद से बुजुर्ग पर्यटक को एंबुलेंस से आर्मी अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
विज्ञापन
दिल्ली निवासी राम राजू (70) अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। सेंट्रल टैंक के पास दोपहर 12.35 बजे राम राजू की तबीयत बिगड़ने लगी। सांस लेने में दिक्कत होने के कारण बेहोश हो गए। पर्यटक का बेटा भी साथ में था, जो इंडियन नेवी में अधिकारी है। उन्होंने अपने पिता सांस लेने में दिक्कत होने पर सीपीआर देना शुरू कर दिया।
करीब एक मिनट तक बेटा प्रारंभिक उपचार करने में लगा रहा। सीपीआर से पर्यटक को कुछ होश आने लगा। इस बीच रेस्पांस टीम और सीआईएसएफ जवान भी मौके पर पहुंच गए। पर्यटक को व्हीलचेयर पर बैठाकर इमरजेंसी गेट से एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। बेटे के कहने पर पर्यटक को एंबुलेंस से आर्मी अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि पर्यटक को हार्ट अटैक की आशंका थी, सीपीआर देने के साथ ही सात मिनट के अंदर पर्यटक को हर चिकित्सा सुविधा मुहैया करा दी गई और उनको एंबुलेंस से आर्मी अस्पताल रवाना कर दिया गया।