मैनपुरी के किशनी में मंगलवार को क्षेत्र के कटरा समान के सूरज सिंह इंटर कॉलेज में समाजवादी पार्टी की एक बैठक का आयोजन हो रहा था। दोपहर एक बजे अचानक पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वहां आ पहुंचे। अखिलेश यादव को यूं अपने बीच में देख कार्यकर्ता हैरान रह गए। इस दौरान अखिलेश यादव का कार्यकर्ताओं ने सम्मान किया। अखिलेश यादव ने इस दौरान डिंपल यादव को जीत दिलाने की अपील की।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैनपुरी के लोगों ने हर चुनाव में नेताजी के कहने पर मुकाबला किया है और उनका हर फैसला माना है। एक बार तो यहां दोबारा वोट डालने की नौबत आ गई, जिसको भी कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ पूरा किया। अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम इस कार्यक्रम में आपसे सहयोग और मदद मांगने आये हैं। पूरे देश में अगर किसी को धरतीपुत्र कहा गया तो वो अकेले नेताजी थे। पूरे देश की निगाहें मैनपुरी चुनाव पर लगी हैं। यहां से जो जीतकर जाएगा और शपथ लेगा वो सबसे अलग ही खड़ा नजर आएगा। इसलिये आप सबको एक एक वोट देकर सपा को जितवाना है।
ये भी पढ़ें - Mainpuri By-Election 2022: डिंपल के खिलाफ बीजेपी ने क्यों दिया रघुराज शाक्य को टिकट, जानें चार प्रमुख कारण
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्व सांसद तेजप्रताप यादव, विधायक ब्रजेश कठेरिया, पूर्व एमएलसी अवधेश यादव, महाराज सिंह शाक्य, मातादीन यादव, हरपाल सिंह, राहुल यादव, प्रवेश यादव, नरेंद्र यादव, प्रमोद यादव, अखिलेश यादव, नौरतन यादव, सुमन दिवाकर, ज्योति मैसी, सन्तोष यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।