डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध आगरा कॉलेज में प्रवेश फॉर्म जुलाई के पहले हफ्ते से मिलेंगे। कॉलेज प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रवेश फॉर्म की कीमत 250 रुपये होगी।
आगरा कॉलेज में जुलाई के पहले सप्ताह से प्रवेश फॉर्म मिलेंगे। तारीख के संबंध में कॉलेज की वेबसाइट www.agracollegeagra.org.in पर और नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा कर दी जाएगी। कॉलेज में प्रवेश के लिए छात्रों को 26 जून से डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.dbrau.org.in पर जाकर वेब रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
विज्ञापन
प्रवेश फार्म के साथ छात्रों को कॉलेज की विवरणिका दी जाएगी। इसके माध्यम से वह कॉलेज में उपलब्ध सुविधाओं, फैकल्टी आदि के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे। उसी के अनुरूप वह अपने पसंदीदा पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। कॉलेज को वर्ष 2019 तक नैक से ए-ग्रेड प्राप्त था। उसके बाद से अभी तक नैक मूल्यांकन कराया नहीं गया है। संस्था की शुरूआत वर्ष 1923 में संस्कृत पाठशाला से हुई थी। बाद में इसे कॉलेज की मान्यता मिली। उत्तर भारत का पहला विधि स्नातक इसी कॉलेज ने दिया।
गत वर्ष बीकॉम में प्रवेश के लिए कट ऑफ 118.80 तक गई थी
आगरा कॉलेज के मीडिया समन्वयक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि गत सत्र में बीकॉम पाठ्यक्रम में प्रवेश के अपेक्षाकृत सर्वाधिक आवेदन मिले थे। सामान्य वर्ग में कट ऑफ 118.80 तक गई थी। उसके बाद बीएससी गणित में 115, जीव विज्ञान 107, बीए छात्र वर्ग में 105, बीए छात्रा वर्ग में 102.78 और बीएससी बायोटेक में 102 कट ऑफ थी।
विज्ञापन
विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास किया जाता है- प्राचार्य
आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके मिश्रा ने बताया कि कॉलेज में छात्रों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। सांस्कृतिक उत्सव कराए जाते हैं। विश्वविद्यालय के युवोत्सव में छात्रों का अच्छा प्रदर्शन रहता है। एनसीसी आर्मी, एयर और गर्ल्स विंग है। एनएसएस के साथ रोवर्स व रेंजर्स की इकाइयां हैं। खेलकूद के बड़े मैदान के साथ अन्य सुविधाएं हैं। छह छात्रावास हैं। इसमें से पांच छात्रों के लिए और एक छात्राओं के लिए है। केंद्रीय पुस्तकालय के साथ प्रत्येक विभाग में अलग पुस्तकालय है।
कॉलेज के पूर्व छात्र
संविधान सभा के सदस्य पंडित हृदयनाथ कुंजरू, शिक्षाविद् तेज बहादुर सप्रू, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, फिजी में देश के पूर्व उच्चायुक्त कैप्टन भगवान सिंह, लोक सेवा समिति के पूर्व चेयरमैन भगवान शंकर रावत, चर्चित कवि द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय सिंह, रामजीलाल सुमन, आरएसएस के डॉ. कृष्ण गोपाल।
प्रवेश लेने से पहले सीनियर छात्रों से लें सलाह: प्रो. अजय तनेजा
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के डीन रिसर्च प्रो. अजय तनेजा को कहना है कि किसी भी संस्थान या कॉलेज में प्रवेश से पहले छात्रों को उसके बारे में और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में अच्छे से जानकारी करनी चाहिए। खासतौर पर वहां पढ़ रहे पूर्व छात्रों से सलाह जरूर लेनी चाहिए। वह संबंधित संस्थान या कॉलेज के बारे में अच्छी जानकारी दे सकते हैं।
इन बातों पर भी ध्यान देना चाहिए
- योग शिक्षक हैं या नहीं। प्लेसमेंट सेल की स्थिति।
- पुस्तकालय और विज्ञान विषय की प्रयोगशाला किस स्तर की है।
- पेयजल व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति।
- नैक की ओर से ग्रेडिंग प्राप्त है या नहीं।
- पीजी कोर्सेज में जहां शोध की सुविधा है, वहां अच्छा काम होता है।